अमित शाह बोले - कभी बंटाधार माना जाने वाला मध्य प्रदेश आज विकास की बुलंदियां छू रहा है, कांग्रेस के 24 बड़े घोटाले भी गिनाए

अमित शाह बोले - कभी बंटाधार माना जाने वाला मध्य प्रदेश आज विकास की बुलंदियां छू रहा है, कांग्रेस के 24 बड़े घोटाले भी गिनाए

स्टोरी हाइलाइट्स

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में देश के गृह मंत्री अमित शाह ने आज मीडिया के सामने शिवराज सरकार के 20 सालों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने प्रदेश सरकार के गरीब कल्याण महा अभियान 2003-2023 के रिपोर्ट कार्ड के 32 पेजों में प्रदेश की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान गृह मंत्री ने कहा कि, भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश को बीमारू शब्द से मुक्ति दिलाने का काम किया। 20 वर्षों में मध्य प्रदेश "विकसित मध्य प्रदेश" बना है। आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की नींव डालने का काम 20 वर्षों में हुआ है।

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में देश के गृह मंत्री अमित शाह ने आज मीडिया के सामने शिवराज सरकार के 20 सालों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने प्रदेश सरकार के गरीब कल्याण महा अभियान 2003-2023 के रिपोर्ट कार्ड के 32 पेजों में प्रदेश की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान गृह मंत्री ने कहा कि, भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश को बीमारू शब्द से मुक्ति दिलाने का काम किया। 20 वर्षों में मध्य प्रदेश "विकसित मध्य प्रदेश" बना है। आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की नींव डालने का काम 20 वर्षों में हुआ है। 

कांग्रेस 53 सालों के हिसाब दें : शाह
गृह मंत्री ने कहा, मध्य प्रदेश का गठन 1956 में हुआ, तब से कुछ साल छोड़कर लगभग 53 वर्ष कांग्रेस का शासन रहा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा, आज जो लोग भाजपा सरकार में हुए विकास पर सवाल उठाते हैं उन्हें अपने 53 साल का हिसाब भी देना चाहिए। कांग्रेस की सरकार में मध्य प्रदेश को बीमारू राज्य का तमगा मिला। उन्होंने कहा, 2003 में मिस्टर बंटाधार की सरकार को हटाकर प्रदेश की जनता ने ऐतिहासिक निर्णय लिया और भाजपा की सरकार बनी। 

आज एमपी विकास की बुलंदियों को छू रहा है : शाह
गृह मंत्री ने कहा, कभी बंटाधार माना जाने वाला मध्य प्रदेश आज विकास की बुलंदियां छू रहा है। 20 साल में बिजली, पानी, सड़क और शिक्षा जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाते हुए भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा, आगामी चुनाव गरीबी से संपूर्ण मुक्ति का चुनाव है प्रधानमंत्री जी की जनहितैषी योजनाओं को मुख्यमंत्री शिवराज ने बेहतर ढंग से धरातल पर उतारने का काम किया है। भाजपा को आशीर्वाद देने के लिए मध्य प्रदेश की साढ़े 9 करोड़ जनता का आभार प्रकट करता हूँ।

कांग्रेस के 24 घोटाले गिनाए
अमित शाह ने बोफोर्स, 2 जी, सत्यम, कॉमनवेल्थ, कोयला, चॉपर, ट्रेट्रा ट्रक, वोट के बदले नोट, आदर्श हाउसिंग, डीएलएएफ, चारा घोटाला, सबमरीन, मंदिर कलेक्शन, रफाल घोटाले जैसे 24 घोटाले गिनाएं और कांग्रेस से जवाब भी मांगा। उन्होंने कहा कि, अगले 5 साल के लिए जनता तय करें, 24 घोटाले की सूची में एमपी को शामिल होना है या विकसित और नंबर वन की सूची में शामिल होना है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश का सबसे फेवरेट इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन एमपी बना है। 

हम विकास के मुद्दे पर ही चुनाव चाहते हैं : शाह
उन्होंने कहा, कांग्रेस परिवारवाद और तुष्टिकरण के मुद्दे पर चुनाव लड़ती है। हम विकास के मुद्दे पर ही चुनाव चाहते हैं। चुनाव गरीब कल्याण और विकास के मुद्दे पर ही होना चाहिए। उन्होंने कहा मध्यप्रदेश की 9 करोड़ की आबादी से आशीर्वाद की अपेक्षा है। 

मुझे विश्वास है 2024 में सभी 29 सीटें जीतेगी भाजपा : शाह
अमित शाह ने कहा, मैं कांग्रेस नेताओं से कहना चाहता हूँ कि इधर उधर की बातें करके जनता को भ्रमित ना करते हुए मध्य प्रदेश के विकास के इस रिपोर्ट कार्ड का जवाब दें। कांग्रेस सरकार के 53 सालों का हिसाब दे मिस्टर बंटाधार और कमलनाथ की जोड़ी। उन्होंने कहा, 2014 में लोकसभा की 29 में से 27 सीटें,  2019 में 29 में 28 सीटें भाजपा को मिली। अब मैं विश्वास के साथ कह रहा हूं कि एक सीट की कमी है, 2024 में यह कमी भी मध्य प्रदेश की जनता पूरी कर देगी, मुझे पूरा विश्वास है।

कांग्रेस सरकार में राशन उनके चट्टे-बट्टे ही खा जाते थे : शाह
गृह मंत्री ने कहा, यहां 11,700 से 1 लाख 40 हजार तक प्रति व्यक्ति आय पहुंचाना, ये सारे पैमाने को रिकॉर्ड तोड़ने वाला विकास है। मोदी जी और शिवराज जी की जोड़ी ने मध्य प्रदेश को यहां तक पहुंचाया है। कांग्रेस सरकार में राशन उनके चट्टे-बट्टे ही खा जाते थे। कांग्रेस के समय में 52 लाख राशन के लाभार्थी परिवार थे, अब एक करोड़ 25 लाख परिवारों को राशन पहुंच रहा है। उन्होंने कहा, कांग्रेस के पास अगर हिम्मत है तो अपने 50 साल का रिपोर्ट कार्ड लेकर आए। हमने राजनीति के अंदर जवाबदेही की परंपरा खड़ी की है। जहां-जहां हमारी सरकार है, वहां हम हिसाब लेकर जाते हैं।

53 सालों में कांग्रेस ने एमपी को बीमारू राज्य बना दिया था : शाह
उन्होंने कहा, 15 महीने की कमलनाथ सरकार ने प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की गरीब कल्याण योजनाओं को बंद कर दिया या फिर उन योजनाओं का पोषण ना करके लंगड़ी करने का काम किया। उन्हे अपने 15 महीने की सरकार का हिसाब जनता को देना चाहिए। शाह ने कहा, कांग्रेस ने अपने लगभग 53 साल के शासन में मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाने का काम किया, जो आज विकास करने का दावा कर रहे हैं।