LPG Price Hike: रसोई गैस की कीमतों में हुआ इज़ाफा, 25.50₹ तक बढ़ी गैस सिलेंडर की कीमतें

नई दिल्ली, मध्य केसरी डेस्क। LPG Price Hike : माहामारी के इस दौर में आम जनता बढ़ती मंहगाई से पहले से ही परेशान थी कि अब एक बार फिर जनता पर महंगाई की गाज गिरी है। आज से यानी 1 जुलाई 2021 से सरकारी तेल कंपनियों ने रसोई गैस की कीमतों में बदलाव करते हुए घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 25.50₹ और कमर्शियल गैस सिलेंडर में 84₹ की बढ़ोतरी की है। लंबे समय से देश भर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तेज़ी से बदलाव देखा जा रहा है, जिस के चलते आम आदमी की जेब पर भार पड़ रहा है। अब गैस सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी की गई है, जिस के चलते देश का हर वर्ग प्रभावित हो सकता है।

क्या हैं नई कीमतें
गैस सिलेंडर की कीमतों में हुए बदलाव से अलग अलग शहरों में रसोई गैस की कीमत के सभी जगह अलग-अलग दाम हैं। बात करें घरेलू गैस में उपयोग होने वाले 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की तो देश की राजधानी दिल्ली में कीमतों में बदलाव के बाद इसकी नई कीमत 834 रुपए है, कोलकाता में 861 रुपए, चेन्नई में 850 रुपए और मुंबई में 834.5 रुपए कीमत हो गई है। वहीं कमर्शियल गैस 19.2 किलोग्राम वाले सिलिंडर की नई कीमत राजधानी दिल्ली में 1550 रुपए हो गई है, कोलकाता में 1651.5 रुपए, मुंबई में 1507 रुपए और चेन्नई में 1687.5 रुपए हो गई है।

घरेलू गैस में बीते महीने नहीं देखा गया कोई बदलाव
जून के महीने में घरों में उपयोग होने वाले गैस सिलेंडर की कीमतों में किसी भी प्रकार की बढ़ोतरी नहीं देखी गई थी। पिछले महिने घरेलू गैस सिलेंडर (14.2 किलोग्राम) की कीमत देश की राजधानी दिल्ली में 809 रुपए थी। वहीं कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बीते महीने में भी इज़ाफा हुआ था। कमर्शियल गैस सिलेंडर (19.2 किलोग्राम) की कीमत में 123 रुपए का इज़ाफा हुआ था।