कोरोना से रिकवर होने के मामले में भारत विश्व में नंबर वन

नई दिल्ली, मध्य केसरी डेस्क। पूरा विश्व इस वक्त कोरोना की चपेट में है। कई देश ऐसे है जहां कोरोना की तीसरी और चौथी लहर भी पहुंच चुकी है। विश्व में सबसे अधिक 34,732,753 कोरोना के केस अमेरिका में है। इसके बाद 30,874,376 केस के साथ दूसरे स्थान पर भारत का नम्बर है। ब्राजील 19,089,940 केस के साथ तीसरे स्थान पर है।

भारत में 3 करोड़ से अधिक रिकवर
भारत ने कोरोना से रिकवर होने के मामले में विश्व के सभी देशों को पीछे छोड़ दिया है। रविवार को देश में कोरोना से रिकवर होने वालों की संख्या ने 3 करोड़ के आंकड़े को पार कर दिया। भारत मे अब तक 30,014,713 लोग कोरोना से रिकवर हो चुके है। रिकवरी के मामले में अमरीका दूसरे और ब्राजील तीसरे स्थान पर है।

केस और रिकवरी महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा
भारत में 6 जनवरी को कोरोना से ठीक होने वालों की संख्या 1 करोड़ थी, 2 करोड़ का आंकड़ा 13 मई को पार हुआ था। वहीं 11 जुलाई को 3 करोड़ का आंकड़ा पार हुआ। देश मे सबसे 61 लाख से अधिक कोरोना के केस महाराष्ट्र में मिले। हालांकि कोरोना से सबसे अधिक रिकवरी भी महाराष्ट्र में ही हुई है। अब तक यहां 59 लाख से अधिक लोग कोरोना से ठीक हो चुके है। इसके बाद केरल में 29 लाख लोग कोरोना से रिकवर हुए। कर्नाटक में 28 लाख और तमिलनाडु में 24 लाख लोग कोरोना से ठीक हुए है।

भारत में अब तक कोरोना की दो लहरे आई
अब तक भारत में कोरोना की 2 लहर आ चुकी है। दूसरी लहर पहली लहर के मुकाबले सबसे ज्यादा घातक साबित हुई। भारत में इस दौरान एक दिन में दुनिया में सबसे ज्यादा नए केस मिले थे। पहली लहर का पिक 16 सितंबर 2020 को आया था। देश में उस दिन कोरोना के कुल 97 हजार 860 नए केस आए थे। दूसरी लहर की पिक 6 मई 2021 को आई थी। उस दिन देशभर में 4,14,280 नए केस आए।

तीसरी लहर का डर बरकरार
केंद्र से दूसरी लहर कमजोर पड़ने के साथ ही तीसरी लहर का खतरा जता दिया है। एसबीआई रिसर्च की एक रिपोर्ट में अगस्त में तीसरी लहर के आने का दावा किया है। रिपोर्ट में सितंबर महीने में पीक आने की बात कही है। यह दूसरी लहर के पीक से दोगुना या 1.7 गुना ज्यादा होगा।

ब्राजील में सबसे ज्यादा नए संक्रमित
विश्व में इस समय सबसे ज्यादा कोरोना के नए केस ब्राजील में मिल रहे है। यहां पर शनिवार को 48 हजार से अधिक नए संक्रमितों की पुष्टि हुई है। उधर भारत में नए संक्रमितों की संख्या 41 हजार रही। अमरीका में अब संक्रमण काफी हद तक काबू में आ गया है। शनिवार को अमरीका में कोरोना के 14 हजार नए केस सामने आए है।