CORONA UPDATE INDIA: पॉजिटिव मामलों की संख्या 14,378 हुई, महाराष्ट्र में हालात सबसे खराब

@VASU CHOUREY

नई दिल्ली। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के ताजा आकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में 991 COVID-19 कोरोना के पॉजिटिव मामलों की वृद्धि के साथ अब भारत में कोरोना पीड़ितों की संख्या 14,378 हो गई है। मंत्रालय ने बताया कि कुल मामलों में से, 11,906 मामले सक्रिय हैं, जबकि 1,992 लोग ठीक हो गए हैं और 480 मौतें हुई हैं, वायरस से पिछले 24 घंटों में 43 मौतें हुई हैं।

महाराष्ट्र में हालात चिंताजनक
स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के आकड़ों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र 3,323 कोरोना संक्रमित मामलों के साथ सबसे बुरी तरह प्रभावित राज्य है। महज 331 मरीज ठीक हुए हैं और 201 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। दिल्ली 1,707 मामलों के साथ कोरोना संक्रमण के मामले में दूसरे नंबर पर है, इनमें से 72 मरीज ठीक हुए हैं जबकि 42 मरीजों की मौत हुई है।

इन बड़े राज्यों में भी बढ़ रहा संक्रमण
1,323 मामलों के साथ तमिलनाडु तीसरा सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है, यहां 283 पीड़ितों की रिकवरी हुई है और 15 लोगों ने वायरस से दम तोड़ दिया है। राजस्थान में 1,229 मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से 183 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 11 मरीज मारे गए हैं। मध्य प्रदेश में 1,310 मामले सामने आए हैं, जिनमें 69 मरीज ठीक हुए और 69 मरीजों ने दम तोड़ा। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश में 805 कोविड ​​-19 सकारात्मक मामले हैं। केरल में 396 लोगों को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया है।